पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क, आपदा, पेंशन, पेयजल और विद्युत सहित विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे लोग; अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
टिहरी: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क निर्माण एवं प्रतिकर वितरण, आपदा, पेंशन, पेयजल, विद्युत तार, आवास और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 42 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए।
जिलाधिकारी ने अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी हुई समीक्षा
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित शिकायतों और अधिक संख्या में लंबित प्रकरण वाले विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निर्माणाधीन सड़क से मकान की छत क्षतिग्रस्त होने की शिकायत
कार्यक्रम में पाली गांव निवासी अंजना देवी ने बताया कि निर्माणाधीन पर्यटन सड़क के कारण उनके आवास की छत क्षतिग्रस्त हो गई है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और वस्तुस्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मौके की स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवार को उचित राहत मिल सके।
श्रमिक कार्ड के नाम पर पैसे लेने की शिकायत
लंबगांव, प्रतापनगर निवासी केशव रावत ने बताया कि प्रतापनगर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिक कार्ड बनवाने के नाम पर ठेकेदारों द्वारा प्रमाणपत्र के लिए धनराशि लिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने श्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि श्रमिक कार्ड और संबंधित प्रमाण-पत्रों की जांच के साथ-साथ संबंधित ठेकेदारों के पंजीकरण का भी सत्यापन किया जाए। उन्होंने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
25 दिनों से लापता महिला का मामला भी पहुंचा जनता मिलन में
ग्राम प्रधान मोटना प्रदीप सिंह एवं ग्रामीणों ने 25 दिनों से लापता रेशमा देवी का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने की जानकारी जिलाधिकारी को दी। ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष की भूमिका पर भी संदेह जताया।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रकरण पुलिस जांच के अधीन है। प्रशासन मामले को लेकर पूरी तरह तत्पर है और पुलिस जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ पुरानी शिकायतें दोबारा भी प्राप्त हुई हैं, जिन पर पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे। ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्योति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, एसएलएओ नीलू चावला, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
