विकासनगर। द्रोण मार्शल आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में सेपियंस स्कूल हरबर्टपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सेपियंस स्कूल की निदेशिका रश्मि गोयल एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ आशा गुसाईं एवं अदिति द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्यापिका मोनिका शर्मा के निर्देशन में तैयार की गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात अध्यापक कमल क्षेत्री के निर्देशन में तैयार स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिता की शुरुआत सीनियर वर्ग के कुमिते मुकाबलों से हुई। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
महिला कुमिते अंडर-18 के 55 किलोग्राम वर्ग में मैत्री बलोनी, 16-17 वर्ष के 48 किलोग्राम वर्ग में वैशाली तथा 16-17 वर्ष के 66 किलोग्राम वर्ग में सुहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुरुष कुमिते में 16 वर्ष के 55 किलोग्राम वर्ग में आदित्य क्षेत्री, 61 किलोग्राम वर्ग में प्रशांत त्रिपाठी व भूपिंदर सिंह ने बाजी मारी। काता वर्ग में पुरुष वर्ग से आदित्य क्षेत्री तथा महिला वर्ग में काव्या भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में द्रोण मार्शल आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव भगत सिंह राय, विष्णु क्षेत्री (अध्यक्ष), विशाल ठाकुर (उपाध्यक्ष), शिवम गुप्ता, कार्तिक अरोड़ा, अरुणराज, शिल्पा अग्रवाल, संजीव, प्रियंका नेगी, यश थापा, बिपाशा राय, संगीता थापा एवं जानवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
