सड़क हादसों पर मुख्य सचिव सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार में तेजी के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, रोड सेफ्टी ऑडिट और जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों के कामकाज की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर सड़क डिजाइन, रोड ज्योमेट्रिक्स और तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का रोड सेफ्टी एवं थर्ड पार्टी ऑडिट कराने तथा ऑडिट के सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों और सवारियों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, यातायात नियमों के प्रभावी पालन और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बस अड्डों का नियमित ऑडिट कराने तथा अन्य राज्यों की बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा।
हर 2-3 माह में चलेगा जागरूकता अभियान
मुख्य सचिव ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को हर दो से तीन माह में अभियान मोड पर चलाने और वर्षभर का प्रचार-प्रसार कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए। स्थानीय सिनेमाघरों में सड़क सुरक्षा जागरूकता फिल्में दिखाने को भी कहा गया।
उन्होंने राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार और हिट एंड रन के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही स्कूलों में सड़क सुरक्षा क्लब सक्रिय करने और दुर्घटना के बाद बेहतर रेस्क्यू के लिए पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग की संयुक्त वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क हादसों में कमी के लिए इंजीनियरिंग, प्रवर्तन, जन-जागरूकता और त्वरित उपचार, सभी स्तरों पर एक साथ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
