उत्साह और गरिमा के साथ यूजेवीएनएल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, स्वच्छ ऊर्जा के नए क्षेत्रों में बढ़ रहा निगम

 

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के मुख्यालय उज्ज्वल परिसर सहित निगम के विभिन्न विद्युतगृहों एवं कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्यालय में निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद निगम कार्मिकों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।

 

समारोह में निगम के कार्मिकों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और कविताओं की प्रस्तुतियां दीं। गोविंद नौटियाल, ज्योति कोहली, महकार सिंह, रेखा डंगवाल, अर्चना आर्य एवं मनोनीरज शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

 

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया सम्मानित

 

कार्यक्रम के दौरान निगम की खेल गतिविधियों एवं खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जानकारी अधिशासी अभियंता राकेश चौहान ने दी। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निगम के खिलाड़ियों को प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने सम्मानित किया।

 

सम्मानित खिलाड़ियों में विकास भद्री, नरेंद्र कश्यप, राहुल गोयल, प्रियम तिवारी, रिशु कुमार और रमन पटेल शामिल रहे।

 

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन

 

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि असंख्य ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

 

उन्होंने अपने परिवार के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े होने का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने भी स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी की और अनेक कठिनाइयां झेलीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

 

स्वच्छ ऊर्जा के नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा यूजेवीएनएल

 

प्रबंध निदेशक ने कहा कि यूजेवीएनएल से जुड़ना प्रत्येक कार्मिक के लिए गर्व की बात है। निगम देश के विकास की आधारभूत आवश्यकता स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि बदलते ऊर्जा परिदृश्य में केवल पारंपरिक जल विद्युत तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। तकनीकी बदलावों को अपनाते हुए निगम भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखकर नए क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है।

 

उन्होंने बताया कि यूजेवीएनएल द्वारा पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम, ग्रीन हाइड्रोजन और भू-तापीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने यह भी बताया कि न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) के साथ समन्वय स्थापित कर उत्तराखंड में नाभिकीय ऊर्जा के विकास की संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है।

 

विकास के साथ सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

 

अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परियोजनाओं के निर्माण तथा विद्युत उत्पादन के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की गति के साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना और विद्युतगृह में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कार्य-प्रणालियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति की क्षति को रोका जा सके।

 

अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

 

समारोह में निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष जैन एवं संजय पटेल, महाप्रबंधक के.के. जायसवाल, विकास बहुगुणा, भरत भारद्वाज, महकार सिंह एवं नीरज जैन सहित निगम के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय के अधिशासी अभियंता राकेश चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *