पीपलकोटी टनल हादसा: रेस्क्यू अभियान में तेजी के निर्देश, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देगा प्रशासन

 

पीपलकोटी। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

 

बैठक में मुख्यमंत्री ने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की नियमित जानकारी लेने को भी कहा।

मृतकों के परिजनों को जल्द मिलेगी सहायता

 

मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

 

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

 

समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *