15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री धामी करेंगे ध्वजारोहण, पुलिस-पीएसी, होमगार्ड, एनसीसी और पीआरडी की टुकड़ियां देंगी सलामी
देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। समारोह को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
माइक्रो प्लानिंग के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल समेत सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से कार्य करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि समारोह से जुड़ी कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

पुलिस बैंड की धुन पर होगा भव्य परेड समारोह
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।
जिलाधिकारी ने पुलिस परेड और सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियों को भी समय से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
