लोकसभा में नकल विरोधी संशोधन विधेयक पारित, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में पब्लिक एग्ज़ामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विधेयक देश के करोड़ों मेहनती एवं प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के साथ-साथ सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित कानून परीक्षा माफियाओं, पेपर लीक गिरोहों और संगठित नकल जैसे अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि इससे भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने में मदद मिलेगी और योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने का संकल्प लिया है। लोकसभा में इस संशोधन विधेयक का पारित होना उसी संकल्प का प्रतिबिंब है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संशोधित कानून के लागू होने से देशभर में परीक्षा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी तथा मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय “नकल मुक्त भारत” के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *