देहरादून।
उत्तराखंड सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख ऊर्जा उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों में सर्वाधिक कॉर्पोरेट आयकर जमा कर नई उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के लिए 167वें आयकर दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में निगम को सम्मानित किया गया।
समारोह में यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की ओर से उपमहाप्रबंधक अनुपम गुप्ता, विनोद नैनवाल तथा वरिष्ठ लेखा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करन और प्रधान आयकर आयुक्त सुनीता सिंह से सम्मान प्राप्त किया।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि यूजेवीएन लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ₹124 करोड़ का कॉर्पोरेट आयकर अदा किया, जो उत्तराखंड सरकार के किसी भी सार्वजनिक उपक्रम द्वारा जमा किया गया सबसे अधिक कॉर्पोरेट आयकर है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि निगम की मजबूत वित्तीय स्थिति, पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन, बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड लगातार लाभ अर्जित करते हुए अपने वार्षिक कारोबार और वित्तीय प्रदर्शन में वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि दर्ज कर रहा है। आने वाले वर्षों में नई जलविद्युत एवं अन्य ऊर्जा परियोजनाओं के चरणबद्ध संचालन से निगम की स्थापित क्षमता, विद्युत उत्पादन, राजस्व और लाभप्रदता में और वृद्धि होगी, जिससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों में सर्वाधिक कॉर्पोरेट आयकरदाता के रूप में मिला यह सम्मान निगम के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ प्रत्यक्ष करों के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह योगदान उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति, आधारभूत ढांचे के विकास और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को गति देने में सहायक होगा।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय यूजेवीएन लिमिटेड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और टीम भावना को देते हुए विश्वास जताया कि निगम भविष्य में भी उत्कृष्टता, पारदर्शिता और नवाचार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
