बीरोंखाल (पौड़ी)। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को बीरोंखाल में आयोजित कार्यक्रम में 4.48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड में कई ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कार्य हुए हैं।
महाराज ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा लखपति दीदी जैसी योजनाएं सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खलधार-ठंगा मोटर मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उफरैंखाल-भटपो-बूंगीधार-कमलिया वल्ला मोटर मार्ग को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
