देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने हरेला पर्व को पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के लिए सभी जिलों को विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व को जन-जन से जोड़ने के लिए स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा अन्य सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य क्लस्टर विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में ऐसे विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाए, जिन्हें कम समय में संचालित किया जा सकता है। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा करते हुए क्लस्टर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए जल्द से जल्द यातायात सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
