उत्तराखण्ड STF का बड़ा एक्शन: ऑपरेशन ‘प्रहार’ में फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट का 13वां आरोपी गिरफ्तार

 

 

देहरादून। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। STF ने काशीपुर में दबिश देकर ऐसे व्यक्ति को पकड़ा है, जिसने एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर पर तैयार किए गए दो कूटरचित शस्त्र लाइसेंसों के जरिए दो हथियार खरीदे थे।

 

STF के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जांच में सामने आए तथ्यों ने इस पूरे नेटवर्क की व्यापकता और गंभीरता को उजागर किया है। एजेंसी का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलविन्दर सिंह (46 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

 

आरोपी के कब्जे से बरामद

एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.30 बोर)

चार जिंदा कारतूस (.30 बोर)

एक राइफल (.315 बोर)

चार जिंदा कारतूस (.315 बोर)

एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस

 

STF के मुताबिक, ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियान के दौरान 19 अवैध शस्त्र, 358 जिंदा कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

 

STF ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वाले लोगों से अपील की है कि वे स्वयं अपने शस्त्र और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली टीम

 

इस अभियान में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा, कांस्टेबल रवि बोरा, हेड कांस्टेबल चालक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज बवाड़ी तथा हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल शामिल रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *