ग्राफिक एरा भीमताल को मिली नई सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने शुरू की निशुल्क प्रोफेशनल शिक्षा योजना

भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं और ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजना के तहत निशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स कर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह अवसर विशेष महत्व का है क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा की शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने यह साबित किया है कि उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई गति देगा। उन्होंने भीमताल परिसर के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के प्रयास को संतुलित एवं समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निशुल्क होटल मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुमाऊं मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में वही युवा सफल होगा जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया और कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को नकल माफिया से बचाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि ग्राफिक एरा के विद्यार्थी भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *