कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार पुलिस अलर्ट, बस अड्डे पर बीडीएस का सघन चेकिंग अभियान

 

 

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर सोमवार को बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) ने हरिद्वार बस अड्डे और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

 

अभियान के दौरान बस अड्डा परिसर, यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के संवेदनशील इलाकों की गहन तलाशी ली गई। बीडीएस टीम ने संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान की बारीकी से जांच करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया।

 

पुलिस ने यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। इसी क्रम में जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।

 

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *