डोईवाला। भानियावाला में स्पर्श गंगा अभियान के तत्वावधान में शहीद परिजनों, पूर्व सैनिकों एवं महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका, फिल्म निर्माता, अभिनेत्री एवं समाजसेवी डॉ. आरुषि निशंक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

डॉ. आरुषि निशंक ने कहा कि स्पर्श गंगा अभियान से अब तक साढ़े पांच लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और इसके तहत 11 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री उमा भारती के सहयोग से गंगा संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने का अवसर मिला, जिसके बाद नमामि गंगे अभियान से जुड़कर देश-विदेश में गंगा संरक्षण और स्वच्छता के लिए कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से 800 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने का कार्य भी किया गया है, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।

कार्यक्रम में शहीद सैनिकों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं को सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि एवं नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने सदैव देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और ऐसे सम्मान समारोह समाज में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम संयोजक पुरुषोत्तम डोभाल ने शहीद परिजनों, पूर्व सैनिकों और मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम का संचालन रविंद्र बेलवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. ममता कुंवर, कमांडर एस.एस. मठारू, विनीता पैन्यूली, आशा खाती, कैप्टन आनंद सिंह राणा, राजन गोयल, गौरी गोयल, सुंदर लोधी, प्रकाश कोठारी, कृष्णा ताड़ियाल, प्रीति थपलियाल, अनीता गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिजन, जनप्रतिनिधि और महिलाएं उपस्थित रहीं।
