उदयन शालिनी फेलोशिप ने आयोजित की युवा नेतृत्व, सामुदायिक सेवा एवं उद्यमिता पर कार्यशाला

 

देहरादून। उदयन शालिनी फेलोशिप, देहरादून चैप्टर की ओर से रविवार को चकराता रोड स्थित द एटलांटिस क्लब में **”युवा नेतृत्व, सामुदायिक सेवा एवं उद्यमिता”** विषय पर कार्यशाला एवं अभिभावक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, समाज सेवा की भावना और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करना था।

 

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं परिचय सत्र से हुई। इसके बाद आयोजित अभिभावक संवाद में डॉ. जी.एस. रावत ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, फेलोशिप की गतिविधियों और एक बेहतर अभिभावक की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

पूर्व शालिनी मेघा चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उदयन शालिनी फेलोशिप ने उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और नए अवसरों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

मुख्य वक्ता आदिमंतर रूरल एंड ट्राइबल डेवलपमेंट फाउंडेशन के निदेशक तरुण पंत ने युवा नेतृत्व, सामुदायिक सेवा और उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनजातीय क्षेत्रों में उद्यमिता के सफल अनुभव साझा किए। वहीं एक्ज़ोलोटेल इंटरप्राइजेज की श्रुति कोटियाल और पूजा रुपैन ने स्टार्टअप, इवेंट मैनेजमेंट और जनसंचार के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। आसरा ट्रस्ट के रोहित और सृष्टि नवानी ने कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर नरेंद्र सिंह चौहान ने शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व और समाज सेवा के महत्व पर जोर देते हुए प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।

 

चैप्टर संयोजक विमल डबराल ने उदयन शालिनी फेलोशिप की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने भविष्य के निर्माण में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के आयोजन में सह-संयोजक जी.एस. रावत, कोर कमेटी सदस्य दीपक अहलावत एवं ममता अहलावत तथा समन्वयक फरहा नाज़ और दीक्षा धीमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यशाला में 250 से अधिक छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *