गोचर। नगर पालिका परिषद गोचर ने रविवार को मुख्य बाजार में अतिक्रमण, प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान के नेतृत्व में पालिका टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान व्यापारियों द्वारा नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग एवं अन्य नगर निकाय नियमों के उल्लंघन पर 20 चालान किए गए और कुल **9,500 रुपये** का जुर्माना वसूला गया।

अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों से स्वच्छता बनाए रखने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने और नालियों पर अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
अभियान में नगर पालिका के कर्मचारी राजीव चौहान, रोशन पुंडीर, अनिल रावत, रघुनाथ खत्री, लक्ष्मण नेगी और मनीष कुमार मौजूद रहे।
