सीमित संसाधनों से आत्मनिर्भरता तक: मंजू देवी ने मशरूम उत्पादन से लिखी सफलता की नई कहानी

 

नई टिहरी। यदि सीखने का जज़्बा और कुछ नया करने का साहस हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। टिहरी जनपद के विकासखंड कीर्तिनगर के ग्राम बंडाशा निवासी मंजू देवी ने अपने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प से इसे सच साबित कर दिखाया है। आज वे मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में सफल उद्यमी बनकर ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं।

मंजू देवी एक साधारण ग्रामीण परिवार से हैं और प्रगतिशील स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। ऐसे माहौल में, जहां महिलाओं का उद्यमिता की ओर बढ़ना सामान्य नहीं माना जाता था, उन्होंने सामाजिक चुनौतियों, सीमित संसाधनों और तकनीकी जानकारी के अभाव के बावजूद हार नहीं मानी। परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य से उन्होंने मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू किया।

शुरुआत में उन्होंने अपने घर के एक छोटे से कमरे में मशरूम उत्पादन प्रारंभ किया, लेकिन तकनीकी जानकारी के अभाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र, रानीचौरी एवं परियोजना द्वारा आयोजित मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण स्पॉन का चयन, सब्सट्रेट तैयार करना, तापमान एवं नमी का प्रबंधन, रोग नियंत्रण और विपणन जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

प्रशिक्षण के बाद आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उन्होंने मशरूम उत्पादन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी मेहनत का परिणाम यह रहा कि आज वे न केवल अपनी आय बढ़ाने में सफल हुई हैं, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

मंजू देवी की सफलता से प्रेरित होकर आसपास की कई ग्रामीण महिलाएं मशरूम उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ रही हैं। वे समय-समय पर अपने अनुभव साझा कर महिलाओं को प्रशिक्षण लेने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

मंजू देवी की कहानी इस बात का प्रमाण है कि सही प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर ग्रामीण महिलाएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं। उनकी उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने वाला प्रेरक उदाहरण है। आज उनकी पहचान एक सफल मशरूम उत्पादक के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की प्रेरणादायी उद्यमी के रूप में स्थापित हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *