वीकेंड पर टिहरी झील में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, बोटिंग का लिया आनंद

नई टिहरी। वीकेंड पर टिहरी झील में बड़ी संख्या में पर्यटक बोटिंग का आनंद लेने पहुंचे। पर्यटकों ने झील में नौकायन के साथ आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और सुहावने मौसम का भरपूर आनंद उठाया।

मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी और स्कूलों की छुट्टियों के चलते पर्यटकों का रुख पहाड़ों की ओर बढ़ रहा है। शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों ने टिहरी झील में बोटिंग की। इस दौरान उन्होंने व्यू प्वाइंट से विशाल झील और टिहरी बांध का भी दीदार किया।

पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मैदानी इलाकों की तुलना में यहां तापमान कम होने से पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले रहे हैं।

बोट संचालक लखवीर सिंह और आनंद सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से वीकेंड और छुट्टियों के दौरान यहां काफी भीड़ रहती है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के बीच टिहरी झील तेजी से पसंदीदा पर्यटन स्थल बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *