रुड़की। संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से दिल्ली रोड स्थित ग्रैंड अशोक फार्म में जोन स्तरीय संत निरंकारी बाल समागम का आयोजन किया गया। समागम में मसूरी जोन की 63 शाखाओं से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
समागम का उद्देश्य बच्चों को आध्यात्मिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और श्रेष्ठ संस्कारों से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना था।

दिल्ली से आईं ज्ञान प्रचारक बहन डॉ. ज्ञानमनी सक्सेना ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश साझा करते हुए कहा कि आध्यात्मिक शिक्षा बच्चों के चरित्र निर्माण की मजबूत नींव रखती है और उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान बाल प्रतिभागियों ने भजन, कविताएं, लघु नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में प्रेम, सेवा, भाईचारा, मानवता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
समागम के समापन पर ब्रांच मुखी सागर कुकड़ेजा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, बच्चों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
