पेट्रोल पंपों पर खुलेंगे ‘हिलान्स आउटलेट’, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

 

 

देहरादून। उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को अब बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। देहरादून जिला प्रशासन और रीप (REAP) परियोजना के सहयोग से जिले के चयनित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के पेट्रोल पंपों पर ‘हिलान्स आउटलेट’ स्थापित किए जाएंगे, जहां पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों की बिक्री होगी।

 

इस पहल के लिए जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बीच राज्य स्तर पर समझौता (एमओयू) किया गया है। इसके तहत पेट्रोल पंपों पर आने वाले पर्यटक और स्थानीय उपभोक्ता एक ही स्थान पर उत्तराखंड के पारंपरिक खाद्य एवं हस्तशिल्प उत्पाद खरीद सकेंगे।

 

जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में विकासखंड डोईवाला स्थित फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के समीप आईओसीएल पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला ‘हिलान्स आउटलेट’ खोला जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य पेट्रोल पंपों पर भी ऐसे आउटलेट स्थापित किए जाएंगे।

 

इन आउटलेट्स पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक पहाड़ी दालें, जिनमें गहत, भट्ट और तोर शामिल हैं, शुद्ध पहाड़ी मसाले, जड़ी-बूटियां, स्थानीय डेयरी एवं खाद्य उत्पाद तथा हस्तनिर्मित हैंडीक्राफ्ट सामग्री उपलब्ध होगी।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटक यहां की पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय स्वाद को अपने साथ ले जा सकेंगे।

 

प्रशासन के अनुसार, यह पहल महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *