मसूरी। अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मसूरी टाउन हॉल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देना था।
समाज कल्याण विभाग, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र (रायवाला) और एसपीवाईएम (SPYM) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर पार्षदों, स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल तथा रैडिसन, एलबी होटल सहित कई होटल, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस के संचालकों, प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार ने होटल व्यवसायियों को पर्यटन क्षेत्र में नशे की रोकथाम, एनडीपीएस अधिनियम के कानूनी प्रावधानों और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही उत्तराखंड को सुरक्षित एवं नशामुक्त पर्यटन राज्य बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने संस्थानों में नशामुक्त वातावरण बनाए रखने और समाज में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
