उत्तराखंड। रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित कृषि विभाग के ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रदेश को ₹369.66 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात मिली, जिसमें ₹46.32 करोड़ की 9 परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹323.34 करोड़ की 32 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मिट्टी और खेतों का संरक्षण ही देश के सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तराखंड के लिए कई बड़ी घोषणाएं करते हुए मुक्तेश्वर में ₹100 करोड़ की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर, चौबटिया में ₹15 करोड़ का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ₹15 करोड़ की विशेष योजना की घोषणा की। साथ ही फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ हेतु ₹65 करोड़ और ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने के लिए ₹104 करोड़ की स्वीकृति भी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी और समृद्ध किसान ही विकसित उत्तराखंड की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को ₹3 लाख तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क सिंचाई सुविधा और कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
