देहरादून। उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत टिहरी गढ़वाल की प्रशिक्षित नर्स सपना राणा को जर्मनी में नर्स के रूप में नियुक्ति मिली है। बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
सपना राणा ने राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्हें हैम्बर्ग स्थित Schön Klinik में नर्स के पद पर नियुक्ति मिली है। उन्हें 3060 यूरो (लगभग 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है तथा अन्य देशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण का लाभ उठाकर सपना राणा का चयन जर्मनी में नर्स के रूप में हुआ है।
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज देहरादून से प्राप्त की है। उनकी सफलता राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने के साथ ही मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना की प्रभावशीलता को भी दर्शाती है।
