देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में 21 जून 2026 को योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्मिकों, उनके परिवारजनों तथा आम जनता में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करना था।

विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यशाला में योगाचार्य सी.पी. ओबेराय, योगाचार्य श्रीमती नीतू उनियाल तथा योगाचार्य एस.के. शर्मा एवं अमोलिका ने प्रतिभागियों को योग और प्राणायाम के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। उन्होंने ध्यान, प्राणायाम, वज्रासन, चक्रासन, भद्रासन, ताड़ासन सहित विभिन्न योगासनों की व्यावहारिक जानकारी देते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उपस्थित कार्मिकों को इनका अभ्यास भी कराया।

योग प्रशिक्षकों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, कार्य क्षमता और दक्षता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कार्यशाला में सीखे गए योगासनों को कार्मिक अपने दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली विकसित करेंगे।
कार्यक्रम में यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक आशीष जैन एवं विवेक आत्रेय, महाप्रबंधक भरत भारद्वाज, उपमहाप्रबंधक बबीता कोहली, मनोज केसरवानी, ब्रिजेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता प्रभाकर गुप्ता, राकेश चौहान, नवीन चंद्र जोशी, शशिकांत, के.के. गुप्ता, मनोज रावत सहित निगम के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

योग कार्यशाला के माध्यम से यूजेवीएन लिमिटेड ने स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।
