गढ़ और पोखरी गांव में ध्याणी मिलन समारोह आयोजित, विजयपाल सिंह सजवाण ने ध्याणियों से की आत्मीय भेंट

उत्तरकाशी। गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजयपाल सिंह सजवाण ने बरसाली क्षेत्र के गढ़ गांव तथा बाड़ागड्डी क्षेत्र के पोखरी गांव में आयोजित ध्याणी मिलन समारोहों में प्रतिभाग कर क्षेत्र की ध्याणियों से आत्मीय भेंट की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए विजयपाल सिंह सजवाण ने कहा कि ध्याणी मिलन केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कारों, पारिवारिक रिश्तों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद विभिन्न क्षेत्रों में बस चुकी बेटियां जब वर्षों बाद अपने मायके, गांव और बचपन की यादों से दोबारा जुड़ती हैं, तो यह अवसर पूरे समाज के लिए भावनात्मक और आनंददायक बन जाता है।

उन्होंने कहा कि ध्याणियों की उपस्थिति से गांवों का वातावरण स्नेह, अपनत्व और पारिवारिक भावनाओं से सराबोर हो उठता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

पोखरी गांव में आयोजित ध्याणी मिलन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ आयोजित हो रहे ध्याणी मिलन समारोह हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

रमेश चौहान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बेटियों और उनके मायके के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान दोनों अतिथियों ने ध्याणियों को सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। विजयपाल सिंह सजवाण ने गढ़ और पोखरी गांव की सभी ध्याणियों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि परिवारों में प्रेम, संस्कार और सामाजिक सौहार्द की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहनी चाहिए।

समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं, युवा और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम पारंपरिक लोक संस्कृति, पारिवारिक मिलन और सामाजिक सौहार्द के माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *