देहरादून। डॉ. आशीष चौहान ने आज राजीव नगर क्षेत्र में रिस्पना नदी में चल रहे सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर सौरभ थपलियाल तथा आलोक कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर अभियान की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

नगर निगम देहरादून द्वारा मार्च माह से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का उठान किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर तथा रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न नदी-नालों एवं जलधाराओं में भी नियमित सफाई अभियान जारी है।
जिला प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा रिस्पना नदी की सफाई एवं पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। अभियान में 12 जेसीबी मशीनें एवं 15 डम्पर लगाए गए हैं, जिनकी सहायता से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा एवं अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे तथा जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत कूड़ा एकत्र होने वाले स्थलों का चिन्हीकरण कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा। साथ ही, नदी में गिरने वाले बिना उपचारित (अनट्रीटेड) नालों के जल के उपचार हेतु भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।

अंत में जिलाधिकारी ने अभियान में उपलब्ध कराए गए संसाधनों एवं सहयोग के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
