हरिद्वार। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में भी केंद्र सरकार के सहयोग से आधारभूत ढांचे, पर्यटन, रेल, सड़क और हवाई सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

स्थानीय प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सतपाल महाराज ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प अब धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल उत्तराखंड के लिए स्वर्णिम काल साबित हुआ है।
उन्होंने बताया कि राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

महाराज ने कहा कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के विस्तार के साथ हवाई सेवाएं मजबूत हुई हैं। वहीं, पर्वतमाला योजना के तहत सोनप्रयाग-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति देंगी।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। बदरीनाथ धाम को स्मार्ट आध्यात्मिक टाउन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।
हरिद्वार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए विभिन्न घाटों, पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत डिजिटल भुगतान, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है और विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
