देहरादून/सहसपुर। खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्ता की मौत से सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में रविवार को भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों में आगजनी कर दी, जबकि मुख्य आरोपियों के घरों में आग लगाने की कोशिश के दौरान पुलिस और भीड़ के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम दो पक्षों के बीच खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ता विनोद कुमार की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक एकत्रित हो गए। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों में आगजनी कर दी। वहीं मुख्य आरोपी बताए जा रहे अमन और रज्जाक के घरों में आग लगाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी बीच कुछ अराजक तत्वों द्वारा पुलिस पर पथराव भी किए जाने की सूचना है, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था और पिछले कुछ दिनों से खेत में पानी चलाने को लेकर तनाव बना हुआ था। मृतक विनोद कुमार के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में 12 नामजद और 30 से 40 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी।
उधर, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मौत से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है, लेकिन लोगों को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
