ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और अन्य प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
