रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार श्री तुंगनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा सीजन शुरू होने के बाद से अब तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम में दर्शन कर चुके हैं, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। प्रशासन ने यात्रियों से मंदिर परिसर में निर्धारित कतारों का पालन करने तथा दर्शन के बाद अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराए जा सकें।
इसी बीच मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के अचानक बदलने और फिसलन की स्थिति को देखते हुए चंद्रशिला ट्रैक को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे के बाद बंद कर दिया गया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी श्रद्धालु को चंद्रशिला की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि दोपहर बाद मौसम तेजी से खराब हो सकता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी लेने, पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री साथ रखने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। तुंगनाथ और चंद्रशिला क्षेत्र में पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का सहयोग बेहद आवश्यक है।
