टिहरी। नगर पंचायत घनसाली की वार्षिक बोर्ड बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 5 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट में नगर क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता व्यवस्था, पार्क निर्माण, नालियों के निर्माण एवं मरम्मत, इंटरलॉक टाइल्स मार्गों के निर्माण तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और जनसमस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने लोक निर्माण विभाग को नगर पंचायत क्षेत्र के मोटर मार्गों के दोनों ओर इंटरलॉक टाइल्स निर्माण तथा क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत के निर्देश दिए। वन विभाग को बाजार के ऊपरी क्षेत्र में स्थित चीड़ के पेड़ों का पातन कर संभावित जोखिम कम करने, जल निगम को पेयजल पंपिंग योजना की प्रगति में तेजी लाने तथा जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और नालियों से गुजर रही पाइप लाइनों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में थाना घनसाली को बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को शीघ्र हटाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी मानसून और संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभागों को सतर्कता बरतने तथा आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने पर भी जोर दिया। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये।
