देहरादून। प्रदेश सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। इसके तहत राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।
यह सुविधा केवल साधारण श्रेणी की बसों में लागू होगी और अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र के आधार पर इसका लाभ उठा सकेंगे। आदेश बृजेश कुमार संत द्वारा जारी किए गए हैं, जिनमें स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग तक ही मान्य रहेगी।
निर्णय के अनुसार, अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पहले और परीक्षा के दो दिन बाद तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इस दौरान वे अपने गृह स्थान या वर्तमान निवास से परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए इस सुविधा का उपयोग कर पाएंगे।
सरकार के इस कदम से दूर-दराज़ क्षेत्रों से परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे वे बिना आर्थिक बोझ के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
