सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में IPSC बालिका टेनिस टूर्नामेंट का आगाज, 13 विद्यालयों की खिलाड़ी ले रहीं हिस्सा

देहरादून। IPSC बालिका टेनिस टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ सोमवार को Selakui International School में हुआ। 1 जून से 5 जून तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 13 प्रमुख विद्यालयों की छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 5 जून को फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।

टूर्नामेंट का उद्घाटन विद्यालय के बर्सर शिशिर श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को खेलों में बेहतर अवसर, आधुनिक सुविधाएं और परिवार का सहयोग मिल रहा है, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान गत विजेता The Daly College की टेनिस कप्तान ने निष्पक्ष खेल, अनुशासन और खेल भावना की शपथ दिलाई, जिसे सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने दोहराया।

विद्यालय के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने अपने संदेश में खिलाड़ियों को खेल और जीवन दोनों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं खेल प्रभारी कंवलजीत सिंह धालीवाल ने कहा कि युवा अवस्था प्रतिभा निखारने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है और ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में The Daly College की जोड़ी रीत अरोरा और आयरा लोदी ने Welham Girls’ School की नंदिनी और आरना को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में Genesis Global School की सान्वी भसीन और अमारा गुप्ता ने The Sanskaar Valley School की गौरी शर्मा और अहाना श्रीवास्तव को 2-0 से पराजित किया।

टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में देशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *