यूजेवीएनएल की पहल, अधिकारियों-कर्मचारियों ने मनाया ‘नो व्हीकल डे’

देहरादून। ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड (यूजेवीएनएल) द्वारा प्रत्येक शनिवार को आयोजित किए जा रहे ‘नो व्हीकल डे’ अभियान के तहत आज निगम मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पैदल, साइकिल तथा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से कार्यालय पहुंचकर अभियान में सहभागिता की।

इस अवसर पर यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हुए जीएमएस रोड तक यात्रा की और वहां से पैदल चलकर निगम मुख्यालय पहुंचे। वहीं निदेशक (परियोजना) सुरेश चन्द्र बलूनी भी सार्वजनिक परिवहन एवं पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संसाधनों के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के निर्देशों के अनुरूप यूजेवीएनएल विभिन्न नवाचारपूर्ण पहलें कर रहा है। इसी क्रम में प्रत्येक शनिवार को निगम मुख्यालय में ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में एक दिन निजी वाहन के बजाय पैदल, साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करे तो ईंधन की बचत के साथ-साथ वायु प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

यूजेवीएनएल के अनुसार इस पहल से ईंधन की खपत कम होगी, ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन पर नियंत्रण मिलेगा, यातायात का दबाव घटेगा तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही समाज में ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

अभियान में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से इसमें भागीदारी जारी रखने का संकल्प लिया। कई कर्मचारियों ने वर्षों बाद स्थानीय आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के अनुभव को सुखद और प्रेरणादायक बताया।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जन-आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यूजेवीएनएल की यह पहल अन्य सरकारी एवं निजी संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और Mission LiFE (Lifestyle for Environment) के तहत सतत विकास एवं हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *