गढ़वाल विवि में हुई तीन दिवसीय बाल रंग यात्रा का समापन , नौटंकी नगरी नाटक के मंचन ने बांधा समा

श्रीनगर।  हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बाल रंग यात्रा का समापन रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समापन अवसर पर परिष्कारम पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रसिद्ध व्यंग्य नाटक अंधेर नगरी चैपट राजा के संगीतमय रूपांतरण नौटंकी नगरी का मंचन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। करीब एक माह के प्रशिक्षण के बाद तैयार की गई इस प्रस्तुति में बाल कलाकारों ने अभिनय, संवाद अदायगी और गीत-संगीत के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. शशि किरण पांडे एवं निर्देशक डॉ. बीसी पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

नाटक की विशेषता इसका संगीतमय स्वरूप रहा। प्रस्तुति में कुल दस गीत शामिल किए गए थे, जिनमें नजीर अकबराबादी की रचनाएं खुशामद और गणेश वंदना विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सत्ता व्यवस्था और सामाजिक विसंगतियों पर आधारित व्यंग्यात्मक प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। नाटक के दौरान सभागार तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा। बाल कलाकारों की मंच उपस्थिति और संगीत की समझ ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

 

नाटक का निर्देशन फरहान रब्बानी एवं अर्जुन राणा ने किया। नाटक में होमजा, रेहांशी, आकृति, शौर्य, रुद्रा, पार्थ, तमन्ना, प्रभास, दिव्यांश और हर्षिता सहित अन्य बाल कलाकारों ने अभिनय किया। वहीं बैकस्टेज एवं तकनीकी सहयोग में जैनेन्द्र, श्रेष्ठ शाह, हिमांशु, प्रीति, अमन सिंह, रोहन, शिवम एवं उपासना का योगदान रहा। इस अवसर पर केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ‘गणी’, उपनिदेशक डॉ. संजय पांडे, सहायक निदेशक महेंद्र सिंह पंवार सहित आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *