सीकर (राजस्थान)। पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को बाबा खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाबा खाटू श्याम के श्रीचरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा श्याम से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की निरंतर प्रगति, शांति और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा खाटू श्याम जी की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आस्था का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थलों से लोगों को मानसिक शांति और नई प्रेरणा मिलती है।
उल्लेखनीय है कि खाटू श्याम जी को महाभारत के बर्बरीक का रूप माना जाता है और देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
