पशुलोक बैराज में सी-प्लेन का सफल परीक्षण, उत्तराखंड में जल-आधारित हवाई सेवा की दिशा में बड़ा कदम

ऋषिकेश: यूजेवीएन लिमिटेड के पशुलोक बैराज में आज स्काईहॉप (Skyhop) के सी-प्लेन द्वारा सफलतापूर्वक लैंडिंग एवं टेकऑफ का परीक्षण किया गया। उत्तराखंड में इस प्रकार का यह पहला प्रयोग है, जो राज्य में जल-आधारित हवाई सेवाओं की संभावनाओं को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि सी-प्लेन सेवा शुरू होने से राज्य में पर्यटन को नई गति मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह पहल विशेष रूप से उन दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जहां पारंपरिक परिवहन सुविधाएं सीमित हैं।

उन्होंने कहा कि सी-प्लेन के माध्यम से त्वरित एवं सुगम हवाई संपर्क स्थापित होने से इन क्षेत्रों का समग्र विकास संभव हो सकेगा। यह पहल राज्य के मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के निर्देशानुसार की गई है, जिसके तहत जलाशय में इस गतिविधि की अनुमति प्रदान की गई।

प्रबंध निदेशक ने जानकारी दी कि परीक्षण के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई और विद्युत उत्पादन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि सी-प्लेन संचालन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।

अजय कुमार सिंह ने पशुलोक बैराज की टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने समर्पण, दक्षता और उत्कृष्ट समन्वय के साथ इस परीक्षण को सफल बनाया।

उल्लेखनीय है कि सी-प्लेन का यह परीक्षण आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसके आधार पर भविष्य में नियमित संचालन की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *