चिन्यालीसौड़ नगर पालिका में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, अध्यक्ष और ईओ पर अनदेखी के आरोप

चिन्यालीसौड़। नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ में सभासदों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सभासदों ने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर उनकी अनदेखी करने तथा मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध न कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

धरना प्रदर्शन के दौरान सभासदों ने बताया कि उन्होंने पालिका से विभिन्न कार्यों से संबंधित सूचनाएं मांगी थीं, लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया। इसी के विरोध में उन्होंने पालिका परिसर में दिन-रात चलने वाला अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है।

सभासदों ने अपनी सात प्रमुख मांगें भी रखीं। इनमें 7 फरवरी 2025 से अब तक हुए निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्रियों की उच्चस्तरीय जांच, अधिशासी अधिकारी का स्थानांतरण, सभी कार्यों को सार्वजनिक करना, बोर्ड एवं समितियों की कार्यवाही में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, सभासदों के अधिकारों की रक्षा हेतु लिखित आदेश जारी करना तथा अध्यक्ष की वित्तीय शक्तियों को सीज करना शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

वहीं, पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आवश्यक सूचनाएं सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगरवासियों की जनभावनाओं के अनुरूप समयबद्ध कार्य कराना रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सभासद ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देने के लिए अनावश्यक दबाव बना रहे हैं, जो जनहित में नहीं है।

अधिशासी अधिकारी वीरेन्द्र पंवार ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 332 के अनुसार सूचनाएं अध्यक्ष की अनुमति से ही दी जा सकती हैं। हालांकि, सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।

नगर पालिका में शुरू हुआ यह धरना फिलहाल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते टकराव का संकेत दे रहा है। अब देखना होगा कि वार्ता के जरिए इस विवाद का समाधान कब तक निकलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *