श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में शिक्षा विभाग एवं भौतिक विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आईसीएसएसआर प्रायोजित रिसर्च मेथडोलॉजी कार्यशाला का दूसरा दिन विभिन्न शैक्षणिक सत्रों के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को एकीकृत सांख्यिकी विधियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा सक्षम शोध कार्यप्रवाह के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की प्रो. सीमा धवन ने शोध कार्यों के लिए एकीकृत सांख्यिकी विधियों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक शोध में सटीक परिणाम प्राप्त करने के लिए उन्नत सांख्यिकीय तकनीकों का उपयोग आवश्यक है।
द्वितीय सत्र में डॉ. अखिलेश कुमार गौतम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शोध कार्यप्रवाह के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। वहीं तृतीय सत्र में डॉ. हरि सिंह ने ई-पुस्तकालय के विभिन्न उपकरणों एवं संसाधनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान शोधार्थियों ने चौरास परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण भी किया और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कार्यशाला के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह, सह-निदेशक डॉ. आलोक कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
