देहरादून में भव्य रोजगार मेला आयोजित, 81 कंपनियों ने लिया भाग, 1200 से अधिक युवाओं ने दिए साक्षात्कार

देहरादून। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला (देहरादून) में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। इस दौरान प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

रोजगार मेले में 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों ने भाग लिया। मेले के लिए करीब 1600 पॉलीटेक्निक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।

मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी उन्नति किसी भी राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग का है, ऐसे में युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राज्य में तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक विनोद चमोली ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों से युवाओं को आसानी से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार उपनल के माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के प्रयास भी कर रही है और बेरोजगारी दूर करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट मिला था और विभाग का लक्ष्य इस बार शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।

इस रोजगार मेले में देश और प्रदेश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *