उत्तरकाशी: आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने होटल एसोसिएशन, टैक्सी एवं बस यूनियन सहित विभिन्न हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय रहते सभी व्यवस्थाओं को मजबूत करें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कोयला और लकड़ी की उपलब्धता बनाए रखने को भी कहा गया, जिससे स्थानीय व्यापार और यात्रियों पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। स्थानीय वाहनों के संचालन में आ रही समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि संचालन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था संतुलित बनी रहे।
इसके अलावा, हितधारकों ने यात्रियों की संख्या पर लगी सीमा को समाप्त करने की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय को शासन स्तर पर उठाया जाएगा और उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी और संबंधित लोग उपस्थित रहे।
