विश्वनाथ मंदिर में केदारनाथ यात्रा की तैयारियां शुरू, मंदिर परिसर में रंग-रोगन कार्य जारी

रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी स्थित भगवान विश्वनाथ मंदिर में आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर परिसर में रंग-रोगन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मंदिर समिति के कर्मचारी इन दिनों व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान गुप्तकाशी स्थित इस प्राचीन विश्वनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिसके मद्देनजर तैयारियों को तेज कर दिया गया है।

मान्यता के अनुसार पौराणिक कथाओं में वर्णित है कि कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद पांडव भगवान शिव के दर्शन हेतु हिमालय की ओर गए थे। पांडवों से बचने के लिए भगवान शिव ने बैल का रूप धारण किया और गुप्तकाशी की एक गुफा में अंतर्ध्यान हो गए। इसी कारण इस स्थान का नाम गुप्तकाशी पड़ा।

यह प्राचीन मंदिर केदारनाथ मंदिर की शैली में पत्थरों से निर्मित है। मंदिर परिसर में भगवान शिव के उग्र रूप भैरव और अर्धनारीश्वर को समर्पित मंदिर भी स्थित हैं। मंदिर के सामने मणिकर्णिक कुंड है, जहां गंगा और यमुना की धाराएं मिलने की मान्यता है।

यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधक भगवती प्रसाद सेमवाल ने बताया कि आगामी केदारनाथ यात्रा को देखते हुए मंदिर में साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अंतर्गत आने वाले सभी मठ-मंदिरों में भी रंग-रोगन और आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *