चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन एवं खेल क्षेत्र से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत को “आदर्श जनपद” के रूप में विकसित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में प्रशिक्षण हेतु टाइप-3/4 आवासीय परिसर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन, डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की। साथ ही 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालन के लिए प्रशिक्षण हेतु ₹2 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क का डामरीकरण एवं सुधारीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग एवं पुल निर्माण, ढकना-बडोला से सेरोला तक लिंक मार्ग तथा बनलेख से हिंगला देवी मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण किया जाएगा।

ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए 50 हैंडपंपों की स्थापना, 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं, ग्राम शक्तिपुरबूंगा के प्रत्येक गांव में 10-10 सोलर लाइट तथा क्षेत्र पंचायत पाल्सो में आंतरिक टाइल्स मार्गों का निर्माण कराया जाएगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के तहत ब्यानधूरा बाबा मंदिर सहित मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, नागनाथ मंदिर के समीप रामलीला मंच का निर्माण एवं विकास, चम्पावत में भवन एवं व्यापारिक परिसर का निर्माण तथा पूर्वांचल एग्रो संस्कृत विद्यालय का पुनरोद्धार किया जाएगा।
कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से ₹5 करोड़ की सामूहिक घेरबाड़ योजना लागू की जाएगी, जिससे फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल सके। वहीं अमोड़ी-सिप्टी मोटर मार्ग पर दो वैली ब्रिजों का निर्माण और खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान का विकास भी किया जाएगा।
इसके अलावा विकास भवन चम्पावत का कुमाऊनी शैली में पुनरोद्धार तथा ग्राम सभा नघान से डोडेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
