मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा का शुभारंभ किया,देहरादून – पिथौरागढ़ एक घंटे में पहुंचेगा

देहरादून/पिथौरागढ़: पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 42 सीटर विमान सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़-देहरादून का सफर मात्र एक घंटे में पूरा हो सकेगा। उन्होंने इसे सामरिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हवाई यात्रा केवल विशिष्ट वर्ग के लिए संभव थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की UDAN योजना के माध्यम से आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत आगामी 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में सस्ती और सुगम हवाई सेवा सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर रोगियों को बड़े अस्पताल तक लाने में हवाई सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं। वर्तमान में राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, और उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का कार्य भी चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू किया गया है।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार और आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *