झुंडोली गांव में सोलर फेंसिंग का शुभारंभ, किसानों और मातृशक्ति को मिली राहत

रुद्रप्रयाग: विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के बच्छणस्यूँ पट्टी के झुंडोली गांव में समाजसेवी कमलेश उनियाल ने सोलर फेंसिंग का विधिवत शुभारंभ किया। यह पहल दुर्गम क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

लंबे समय से जंगली जानवरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों की मांग पर स्थापित इस सोलर फेंसिंग से अब फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। विशेष रूप से मातृशक्ति को इससे बड़ी राहत मिलेगी, जो खेती-किसानी में अहम भूमिका निभाती हैं। जंगली जानवरों पर नियंत्रण होने से किसानों की मेहनत सुरक्षित रहेगी और उनकी आय में सुधार की उम्मीद बढ़ेगी।

इस अवसर पर कमलेश उनियाल ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें जंगली जानवरों की समस्या से अवगत कराया था और इसका समाधान करने के लिए यह पहल की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी पहल उनके व्यक्तिगत प्रयासों से साकार हुई है और इसमें किसी सरकारी निधि, बजट या विभागीय सहयोग का उपयोग नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि उनका संकल्प गांव, किसान और पहाड़ की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करना है। इस तरह की पहल से ग्रामीणों को सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर मिलेंगे और पलायन की समस्या पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

सोलर फेंसिंग के शुभारंभ के मौके पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय मातृशक्ति, किसान और युवा वर्ग ने इस पहल का जोरदार स्वागत किया और कमलेश उनियाल का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें रात-दिन फसलों की सुरक्षा की चिंता से राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह की जनहितकारी योजनाएं लागू हों, जिससे गांव का समग्र विकास संभव हो। यह पहल न केवल फसलों की सुरक्षा का सशक्त माध्यम बनेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, कृषि उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर गांव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *