हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महत्वपूर्ण योजनाओं और नियुक्तियों का शुभारंभ किया

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार के बैरागी कैम्प में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास, सुरक्षा और सुशासन से जुड़ी कई पहलें और योजनाएं शुरू कीं। इस अवसर पर नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाणपत्र दिए गए, और ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ किया गया।

नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस में नई नियुक्ति पाने वाले आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मंच से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में शामिल हैं:

  • अमन सिंह

  • आकाश

  • अभय चौहान

  • अर्जुन नाथ गोस्वामी

  • योगेश नाथ

केंद्रीय गृह मंत्री ने नए आरक्षियों को उनके सेवा की शुरुआत पर बधाई दी और उन्हें उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया।

नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान

इस मौके पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित सिद्धपीठ हिंगलाज माता मंदिर के पुजारी परिवार से श्री शैलेश

  • भट्टाग्राम, पाकिस्तान से आए श्री जसपाल कुमार

  • कराची, पाकिस्तान में उत्पीड़न से भारत आए श्रीमती दुर्गानाथ टी. राजपूत

  • अफगानिस्तान से आई श्रीमती हंसेरी बाई

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इन शरणार्थियों को समान अधिकार प्राप्त होंगे और उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक जीवन बिताने का अवसर मिलेगा।

ई-जीरो एफआईआर का शुभारंभ

अमित शाह ने उत्तराखंड में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की। यह प्रणाली भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के अंतर्गत एक लाख रुपये से अधिक की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए विकसित की गई है।

मुख्य विशेषताएं:

  • 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें सीधे राज्य साइबर पुलिस स्टेशन, देहरादून में ई-जीरो एफआईआर के रूप में पंजीकृत होंगी।

  • तत्पश्चात सीसीटीएनएस के माध्यम से संबंधित थाने को तुरंत भेजा जाएगा।

  • पुलिस को गोल्डन ऑवर में कार्रवाई, साक्ष्य संकलन और संदिग्ध लेन-देन फ्रीज़ करने में सुविधा।

  • ठगे गए धन की रिकवरी की अधिकतम संभावना।

‘विकल्प रहित संकल्प’ पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों पर आधारित गिरजा शंकर जोशी की पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि ये पहलें उत्तराखंड में सुरक्षा, विकास और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *