देहरादून। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) की ओर से पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (PSPB) के तत्वावधान में परेड ग्राउंड इंडोर स्टेडियम में 33वीं बास्केटबॉल और 45वीं वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज हो गया है। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 6 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित की जा रही है।
टूर्नामेंट में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CPCL), ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) और मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) सहित कई टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की 8 टीमें और बास्केटबॉल की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मनीष पाटिल और नीरज कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर मनीष पाटिल ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और यह टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों को विकसित करने में मदद करते हैं। वहीं नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि यह मानसिक और शारीरिक मजबूती का भी आधार है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में वॉलीबॉल के उद्घाटन मैच में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) को 3–0 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं बास्केटबॉल मुकाबले में ओएनजीसी ने आईओडी को 71–39 से और ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) को 89–45 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है और आगामी दिनों में भी कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
