मुख्यमंत्री ने टनकपुर में ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले का किया शुभारंभ, कई विकास योजनाओं की घोषणा

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टनकपुर में आयोजित ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेला का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और जिला प्रशासन को इन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

ये प्रमुख घोषणाएं की गईं

मुख्यमंत्री ने सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण, कालीगूठ–पूर्णागिरि मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, तामली से रूपालीगढ़ होते हुए सीम तक मोटर सड़क निर्माण, मेला क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण, मंच–लेठी–वमनगांव–तरकुली–आवड़ा–सेम–चूका मार्ग के सुधारीकरण सहित पूर्णागिरि धाम के आंतरिक क्षेत्र के विकास और विश्राम रोड व पुलिया निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि इन सभी घोषणाओं पर बिना विलंब कार्य प्रारंभ किया जाए।

पूर्णागिरि धाम को वर्षभर संचालित करने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और प्रदेश के कण-कण में दिव्यता समाई है। उन्होंने माँ पूर्णागिरि से प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए मेले को वर्षभर संचालित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि धाम को स्थायी संरचनाओं से सुसज्जित कर इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे चम्पावत जिले में धार्मिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि टनकपुर बस स्टेशन को 240 करोड़ रुपये की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊँ के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पूर्णागिरि क्षेत्र में संचार व्यवस्था सुदृढ़ करने और रोपवे निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का कैंपस चम्पावत में स्थापित किया गया है, जहां आईटी लैब और महिला छात्रावास का निर्माण हुआ है। जिला मुख्यालय में 55 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर का निर्माण कार्य जारी है।

लोहाघाट में 237 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है, जबकि 16 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक कॉलेज का नया भवन तैयार हो चुका है। जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा 28 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

साहसिक पर्यटन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान राफ्टिंग को नई पहचान मिली है और बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। श्यामलाताल झील के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं तथा क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मेले में स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने मेला समिति को आश्वस्त किया कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय, व्यवस्थित धर्मशालाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि श्रद्धालु सकारात्मक अनुभव लेकर जाएं।

इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *