नगर पंचायत गजा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम आयोजित, 45 शिकायतें दर्ज

टिहरी/ गजा। सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से नगर पंचायत गजा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक भवन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने की।

शिविर में कुल 45 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव प्रमुख मुद्दे रहे। अधिकांश शिकायतें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, वन विभाग, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थीं।

मंदिर चोरी मामले पर उठे सवाल

शिविर के दौरान घंटाकर्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण ने मंदिर में हुई चोरी का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की, जिसका अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम ने पुलिस अधिकारियों को जांच में तेजी लाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे प्रमुख

स्थानीय निवासी विलेंदर सिंह असवाल ने इंटर कॉलेज गजा में वाणिज्य (कॉमर्स) विषय की कक्षाएं शुरू करने, अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने और नगर क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
पयाल गांव के उम्मेद सिंह सजवाण और हंसलाल सिंह चौहान ने पुनर्वास विभाग से लंबित प्रतिकर भुगतान की गुहार लगाई।

सभासद जसवंत सिंह, राजेंद्र सिंह और रंजना चौहान ने गजा-खाड़ी, गजा-नकोट और गजा-पोखरी सड़क पर जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग रखी।

ग्राम प्रधान फलसारी वीरेंद्र चौहान ने जल जीवन मिशन के तहत फलसारी-डांडा तोक में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं शिखर स्कॉलर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंवर सिंह खाती ने विद्यालय तक अधूरी सड़क को पूरा करने और जल संयोजन उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया।

इसके अतिरिक्त कंडारी गांव के निवासियों ने शहीद विजय सिंह कंडारी की स्मृति में शहीद द्वार निर्माण का प्रस्ताव रखा।

लाभार्थियों को वितरित हुई महालक्ष्मी किट

शिविर के दौरान छह लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, अधिशासी अधिकारी रोहित परमार, तहसीलदार विनोद तिवारी, पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डॉ. विभूति ध्यानी, पुलिस चौकी प्रभारी मनीष नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *