विश्व प्रसिद्ध टिहरी झील पर होने जा रहा “टिहरी लेक फेस्टिवल”: साहसिक, सांस्कृतिक और फूड इवेंट्स से सजेगा महोत्सव

टिहरी।  विश्व प्रसिद्ध टिहरी झील के तट पर आयोजित होने वाले भव्य “टिहरी लेक फेस्टिवल” को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कोटि कॉलोनी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ महोत्सव की रूपरेखा पर अहम बैठक की।

इस दौरान तय किया गया कि महोत्सव को साहसिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन की दृष्टि से यादगार बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने भूमि का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित करने और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं के निर्माण के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि इस बार महोत्सव में रोमांच और हुनर का संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव में आयोजित होंगे:

  • मास्टर शेफ टिहरी

  • फोटोग्राफी, रैप और पेंटिंग प्रतियोगिताएं

  • पहाड़ी परिधानों पर आधारित “मिस्टर और मिस टिहरी” फैशन शो

  • साहसिक खेल: ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स, माउंटेन बाइकिंग और राफ्टिंग

प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे – प्रथम स्थान पर ₹1,00,000, द्वितीय पर ₹50,000 और तृतीय पर ₹25,000।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सुझाव दिए। टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने नई टिहरी शहर को सजाने और युवाओं के लिए फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने की सिफारिश की। मुनि की रेती पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने काइट शो के माध्यम से स्वच्छता संदेश देने का सुझाव रखा, जिसे मंजूरी दी गई।

महोत्सव में विशेष रूप से “सेव गंगा” (गंगा संरक्षण) थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, पुरानी टिहरी की यादें ताजा करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोकल फूड फेस्टिवल में पर्यटक स्थानीय व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि महोत्सव न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *